कोंडागांव में स्कूलों और शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण के खिलाफ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को केशकाल खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रदेश सरकार की नीतियों को शिक्षकों एवं छात्रों के हित में नहीं बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष देवचंद मतलाम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 45 हजार शिक्षकों की नई भर्ती का वादा किया था, लेकिन अब युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया के जरिए शिक्षकों के पद ही समाप्त किए जा रहे हैं। इससे न सिर्फ शिक्षकों का भविष्य संकट में आ गया है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। देवचंद मतलाम ने आरोप लगाया कि सरकार की इस नीति से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। एक तरफ सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर स्कूलों को खाली किया जा रहा है। यह दोहरी नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से बंद नहीं किया, तो आने वाले समय में कांग्रेस कार्यकर्ता और शिक्षक मिलकर उग्र आंदोलन करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और BEO कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन स्थानीय शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी रही।