फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रायगढ़ में कई सालों से मनाया जा रहा मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर जन्माष्टमी पर्व, पांच दिन तक होता है आयोजन

रायगढ़ जिला मुख्यालय में मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर बीते कई सालों से जन्माष्टमी पर्व मनाया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन के तहत मंदिर परिसर को विद्युत झालरों से सजाया गया है जिसकी सुंदरता देखते ही बन रही है। 14 अगस्त से शुरू हुए इस जन्माष्टमी मेले श्रद्धालु गौरीशंकर मंदिर के अलावा श्याम मंदिर की आकर्षक झांकियों का आनंद उठा रहे हैं। रायगढ़ जिला मुख्यालय में श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का शुभारंभ 14 अगस्त की शाम वृंदावन के गोस्वामी भागवताचार्य के हाथो हुआ। पांच दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में रायगढ़ ही नही अपितु आसपास के जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिसा से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं जो गौरीशंकर मंदिर के अलावा श्याम मंदिर की आकर्षक झांकियों का आनंद उठाते हैं। सन 1950 में गौरीशंकर मंदिर का निर्माण हुआ था और इसके दो साल बाद 1952 से रायगढ़ शहर में लगातार जन्माष्टमी पर्व धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस मेले को अब 73 साल पूरे हो चुके हैं। गौरीशंकर मंदिर के ट्रस्ट के द्वारा हर साल मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को आकर्षित करने लिए स्वचलित झांकियों का आयोजन किया जाता है। ठीक इसी तर्ज पर बीते 27 सालों से संजय कॉम्प्लेक्स श्याम बगीची में भी श्री श्याम मंडल द्वारा श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पांच दिनों तक मंदिर परिसर में लड्डू गोपाल, राधा-कृष्ण, बांके बिहारी की झांकियां सजाई जाती रही हैं। अध्यक्ष बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा ने बताया कि श्याम बगीची परिसर में 10 हजार वर्ग फुट में वाटरप्रूफ पंडाल बनाए गया है। इस बार मनभावन स्वचालित झांकियों में पंचमुखी गणेश जी, कृष्ण द्वारा माखन चोरी, अशोक वाटिका, वीर बर्बरीक द्वारा शीश दान, हनुमान जी का सूर्य भक्षण, गौरा - गौरी पूजा, गोवर्धन पर्वत धारण, दिव्य कुंभ स्नान, जुरासिक पार्क, राम दरबार, होलिका दहन, गंगा जी का अवतरण, श्री कृष्ण द्वारा कंस वध, भगवान विष्णु जी की शेषशैय्या व विशेष आकर्षण आपरेशन सिंदूर की मनभावन झांकियां श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ लगाई है। इसी तरह मंदिर प्रांगण में लड्डू गोपाल झूला, राधा कृष्ण झूला, वृंदावन की मनमोहक बांके बिहारी जी की दर्शन झांकियां लगी है। साथ ही इस बार महोत्सव में विशेष आकर्षण का केंद्र फूल बंगला रहेगा व मंदिर को मनभावन फूलों से सजाकर फूल बंगला का भव्य रुप दिया गया है। बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा ने बताया कि आज अर्द्ध रात्रि को भगवान श्री कृष्ण जी का अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा व भजन कीर्तन व मधुर गीत के साथ 56 भोग व माखन मिश्री का भोग लगाकर फूलों की वर्षा से भगवान श्री कृष्ण का स्वागत व धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इसके पश्चात उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। बजरंग अग्रवाल लेन्ध्रा ने बताया कि श्याम बगीची और श्याम मंदिर परिसर व क्षेत्र को हाई सीसीटीवी कैमरे से सुरक्षा की दृष्टि से अपडेट किया गया है। दर्शन पूजन करने आए श्रद्धालुओं के लिए अलग से बैरिकेट्स की सुविधा की गई है, ताकि यहां आने वाले लोगों को परेशानियांे का सामना न करना पड़े। इसी तरह सुरक्षा गार्ड दिन व रातभर तैनात रहेंगे। पुलिस विभाग, ट्रैफिक विभाग के जवान भी मंदिर परिसर में तैनात हैं। पांच दिनों तक चलने वाले जन्माष्टमी मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिये शहर की सामाजिक संस्थाओं के अलावा मंदिर समितियों के द्वारा जगह-जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया है। ताकि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भगवान का प्रसाद मिल सके। रायगढ़ जिला मुख्यालय में एक माह पहले से ही जन्माष्टमी मेले की तैयारी शुरू हो जाती है। जहां मंदिर परिसर में साजो-सामानों की कई दुकानें लगती है तो वहीं बाहर से आने वाले लोगों को लुभाने के लिये यहां मीना बाजार भी लगाया जाता है। इस बार सावित्री नगर और ट्रांसपोर्ट नगर इलाके में तीन मीना बाजार लगे हैं जहां रोजाना भारी भीड़ उमड रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें