रायगढ़ जिले में एसीबी की टीम ने आज एनटीपीसी तिलाईपाली में उप महाप्रबंधक के पद पर पदस्थ विजय दुबे को साढ़े 4 लाख रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है। पुर्नवास की राशि भुगतान कराने के एवज में 5 लाख रूपये रिश्वत की मांग की गई थी और पहली किश्त में रूप में उप महाप्रबंधक ने 50 हजार रूपये ले भी लिया था। मिली जानकारी के अनुसार 13 सितंबर को तिलाईपाली निवासी सौदागर गुप्ता ने एसीबी बिलासपुर में शिकायत करते हुए बताया था कि उसके मकान के तीन हिस्सो में मौखिक बंटवारा के आधार पर वह तथा उसके अन्य दो पुत्र अलग-अलग हिस्से में निवासरत है। मकान वाली जमीन एनटीपीसी द्वारा अधिग्रहण किये जाने पर उन्हें जमीन और मकान का मुआवजा राशि मिल चुका है। लेकिन पुर्नवास के लिये उसके पुत्रों को करीब 30 लाख रूपये और मिलना था। जिसमें से 14 लाख रूपये उनके पुत्रों के खातों में प्राप्त हो चुका है तथा शेष राशि करीब 16 लाख रूपये का भुगतान कराने के एवज में उप महाप्रबंधक विजय दुबे ने उनसे 5 लाख रूपये की रिश्वत की मांग कर रहा था और 50 हजार रूपये ले भी चुका था। शेष राशि 4 लाख 50 हजार रूपये की मांग कर रहा था। सौदागर गुप्ता ने बताया कि वह विजय दुबे को रिश्वत नही देना चाहता था। बल्कि उसे पकड़वाना चाहता था। इस मामले में शिकायत का सत्यापन कराये जाने पर शिकायत सही पाया गया तथा ट्रैप की योजना तैयार की गई। इसी के तहत आज प्रार्थी को 4 लाख 50 हजार रूपये देकर आरोपी विजय दुबे के पास भेजा गया। फोन पर बातचीत होनें के बाद आरोपी ने उसे गोमती पेट्रोल पंप घरघोड़ा में मिलने को कहा। पेट्रोल पंप परिसर में आरोपी विजय दुबे अपने चारपहिया वाहन में प्रार्थी से रिश्वती रकम 4.50 लाख रुपए को प्राप्त किया गया जिस पर एसीबी की टीम द्वारा आरोपी को रंगे हाथ पकड़ कर रिश्वत की रकम को आरोपी से बरामद कर लिया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आरोपी से पकड़े गए रिश्वत की रकम 4.50 लाख रुपए जप्त कर एसीबी की टीम ने आरोपी के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है। एक साल के भीतर 8वीं कार्रवाई एक जानकारी के अनुसार लगभग साल भर में रायगढ़ जिले में एसीबी बिलासपुर की यह 8 वीं ट्रैप कार्रवाई है। आरोपी के अन्य संपत्तियों की भी जांच एसीबी के द्वारा की जा रही है। एसीबी सूत्रों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई अनवरत जारी रहेगी।