छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया आज पहली बार महासमुंद पहुंचे। उनके स्वागत में जगह-जगह आतिशबाज़ी और स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान टिकरिया ने युवा मोर्चा में जोश भरते हुए कहा कि प्रदेशभर में संगठनात्मक मजबूती के लिए दौरा किया जा रहा है। मीडिया से चर्चा में टिकरिया ने कहा कि उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कांग्रेस केवल सियासत कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह 2022 में जिला पंचायत सभापति थे, तब कई भ्रष्टाचारों को उजागर किया था, तभी से कांग्रेस उन पर काउंटर करने में जुटी है। कवर्धा में भाजपा युवा मोर्चा और युवक कांग्रेस के बीच हुई झड़प पर उन्होंने कहा कि विरोध का संवैधानिक तरीका होता है, लेकिन बिना अनुमति हाईवे जाम करना और वाहनों के सामने कूदना गलत है। टिकरिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने 1 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करने की बात कही है। टिकरिया ने इसे राज्य स्थापना दिवस के विरोध से जोड़ा और कहा कि छत्तीसगढ़ 1 नवंबर को 25 वर्ष का हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस का विरोध वास्तव में राज्य के गौरव और रजत जयंती वर्ष का अपमान है।