महासमुंद में भाजपा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन बिल को लेकर प्रेसवार्ता की। इस प्रेसवार्ता में भाजपा की प्रवक्ता किरण बघेल, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान किरण बघेल ने कहा कि देश की आधी आबादी को नीति-निर्धारण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाने के लिए यह नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल लाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वार्थी विपक्ष ने 30 सालों तक महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण में देरी की और एक बार फिर देश की महिलाओं को निराश किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने भारतीय महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को कमजोर किया है और उनका रवैया महिलाओं के प्रति तिरस्कार को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने से पहले महिलाओं की स्थिति काफी खराब थी। भाजपा अपनी माताओं, बहनों और बेटियों के उत्थान, अधिकार और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।