कबीरधाम जिले में अगले रविवार 27 जुलाई को व्यापमं की आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा होगी। नकल जैसे मामले को देखते हुए व्यापमं ने बड़ी तैयारी की है।कैंडिडेट्स को परीक्षा के दिन मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना होगा। सुरक्षा को लेकर आज शुक्रवार को नोडल अधिकारी डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने पुलिस बल को प्रशिक्षण दिया है।डीएसपी श्री चंद्राकर ने बताया कि हाल ही में राज्य के विभिन्न जिलों में सामने आए नकल प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए व्यापमं द्वारा इस बार परीक्षाओं में विशेष सतर्कता और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। कबीरधाम जिले में भी इन निर्देशों को कड़ाई से लागू किया जाएगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक महिला एवं एक पुरुष पुलिसकर्मी अनिवार्य रूप से तैनात रहेंगे। दोनों कर्मियों को परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2.30 घंटे पूर्व केंद्र में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।सभी अभ्यर्थियों की हैंडहेल्ड मेटल डिटेक्टर व (मैनुअल पैट डाउन) शारीरिक तलाशी की जाएगी।महिला परीक्षार्थियों की तलाशी केवल महिला पुलिसकर्मी द्वारा ही की जाएगी।परीक्षा के दौरान दोनों पुलिसकर्मी बारी-बारी से परीक्षा केंद्र परिसर के अंदर और बाहर सतत गश्त करेंगे।उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नियुक्त पुलिस कर्मी अपने दायित्वों का पालन पूरी सजगता, निष्पक्षता व अनुशासन के साथ करें। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या ढिलाई को गंभीरता से लिया जाएगा। इसी प्रकार अभ्यर्थी हल्के रंग के, आधी बाँह वाले वस्त्र पहनें और पैरों में केवल फ्लैट चप्पल/फुटवियर का उपयोग करें।कानों में किसी प्रकार के आभूषण, इयरिंग्स, या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पहनना पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।