गौरेला पेंड्रा मरवाही में धान खरीदी केंद्र में लगातार सामने आ रही किसानो की परेशानियों को लेकर सोमवार सुबह बसंतपुर भाड़ी बायपास मार्ग पर किसानों और कांग्रेसियों ने चक्का जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। नवागांव धान खरीदी केंद्र के सामने जुटे किसानों ने सड़क पर बैठकर नारेबाज़ी की जिसके चलते मार्ग पर दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात लगभग एक घंटे तक ठप रहा।किसानों का आरोप है कि धान खरीदी के टोकन जारी करने की प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है, जिससे उन्हें लंबे समय तक लाइन में लगकर भी टोकन नहीं मिल पा रहा। ऑनलाइन में सर्वर की समस्या के चलते उनके ट्रैक्टर को एंट्री में भी बार-बार हो रही तकनीकी समस्याओं के कारण किसान अपना धान समय पर नहीं बेच पा रहे हैं। इससे परेशान किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला।चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का भरोसा देते हुए जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। इस दौरान मार्ग के दोनों ओर भारी संख्या में वाहन फंसे रहे और यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने बताया कि खरीदी व्यवस्था को सुचारू करने के लिए तकनीकी टीम को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और किसानों की समस्याओं का त्वरित हल निकाला और सर्वर की समस्या होने पर पंचनामा कर ट्रेक्टर को एंट्री देते हुए किसानों की धान की खरीदी की जाएगी।।वही किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।