भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पर्यवेक्षक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय एक अपने एक दिवसीय प्रवास पर पेंड्रा पहुंचे। यहाँ उन्होंने आयोजित “संगठन सृजन कार्यक्रम” में भाग लेते हुए जिले में कांग्रेस संगठन की मजबूती और नए जिला अध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की। बैठक में जिले के दर्जनभर से अधिक कांग्रेस नेताओं ने जिला अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री फूलो देवी नेताम, पूर्व विधायक डॉ. के.के. ध्रुव, पूर्व विधायक गुलाब कमरों, एवं कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पत्रकारों से चर्चा करते हुए सुबोध कांत सहाय ने कहा कि जिले में शीघ्र ही राजनीतिक मामलों की समिति (Political Affairs Committee) का गठन किया जाएगा, जो आम जनता और सामाजिक मुद्दों पर चर्चा कर दिशा तय करेगी। उन्होंने कहा कि यह तीसरा जिला है जहाँ संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की रायशुमारी की जा रही है। उन्होंने कहा, “जो भी व्यक्ति संगठन को मजबूत करने में सक्षम होगा, उसे अवसर दिया जाएगा, चाहे वह नया हो या पुराना। संगठन को आगे बढ़ाने के लिए हर स्तर पर एकता और समन्वय जरूरी है।” सुबोध कांत सहाय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन अब संघर्ष के लिए तैयार है। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछली कांग्रेस सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए, परंतु उन योजनाओं को जनता तक सही ढंग से पहुँचाया नहीं जा सका। “अब संगठन को नई ऊर्जा के साथ खड़ा किया जा रहा है, ताकि जनता तक हमारी बात पहुँच सके और पुरानी कमियों की भरपाई हो सके,” उन्होंने कहा। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं के बीच आपसी एकता और सहयोग पर जोर देते हुए सहाय ने कहा कि कांग्रेस तभी मजबूत होगी जब जमीनी स्तर का हर कार्यकर्ता सक्रिय रहेगा।