गौरेला पेंड्रा मरवाही में छेरछेरा त्योहार के दिन पेंड्रा थाना क्षेत्र के बंधी गांव में पिकनिक मना रही युवतियों के साथ हुई छेड़छाड़ और उसके बाद हुए हिंसक विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा कथित तौर पर एकतरफा कार्रवाई किए जाने के विरोध में पीड़ित युवतियों और उनके परिजनों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और विधिवत कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
घटना का विस्तृत विवरण
यह पूरा मामला छेरछेरा त्योहार के दिन बंधी गांव का है, जहां कुछ युवतियां पानी टंकी के पास पिकनिक मना रही थीं। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला दुर्गेश साहू शराब के नशे में वहां पहुंचा और युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने लगा। इस पर पीड़ित युवतियों का भाई मौके पर पहुंचा, जहां दुर्गेश साहू से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि दुर्गेश साहू ने अपने परिचित सुधांशू दुबे को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सुधांशू दुबे अपने अन्य साथियों के साथ धारदार हथियारों से लैस होकर कार से मौके पर पहुंचा और युवतियों व उनके भाइयों पर हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हुए। इस दौरान सुधांशू दुबे और दुर्गेश साहू का उपद्रव मचाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस कार्रवाई और विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने 112 की सहायता से पेंड्रा थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं, घटना दिवस पर ही आरोपी सुधांशू दुबे के साथ मारपीट किए जाने को लेकर भी दूसरी ओर से शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर प्राथमिकी दर्ज की। हालांकि, बीते दिन केवल एक पक्ष के आरोपियों की गिरफ्तारी होने से नाराज पीड़ित युवतियों और उनके परिजनों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय का घेराव कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की काउंटर रिपोर्ट दर्ज है और जांच के बाद सभी दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और वापस लौट गए।