गौरेला पेंड्रा मरवाही में पेंड्रा थाना क्षेत्र में एक ई रिक्शा ऑटो की टक्कर से मासूम बालिका घायल हो गई। घटना के कुछ दिन बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। इस बीच दुर्घटना की पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पूरा मामला पेंड्रा बजरंग चौक निवासी सुमित ताम्रकार ने थाने में दर्ज शिकायत में कहा उनकी पुत्री आराध्या ताम्रकार अपनी बड़ी बहन सिद्धि ताम्रकार के साथ बजरंग चौक में आयोजित रामकथा सुनकर घर लौट रही थी। दोनों जैसे ही बजरंग चौक के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी ऑटो क्रमांक CG-31B-7933 का चालक कथित रूप से तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पहुंचा और आराध्या को टक्कर मार दी।
हादसे में आराध्या के बाएं पेट, बाएं हाथ तथा गर्दन में चोटें आईं। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल गौरेला ले गए, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना की प्रत्यक्षदर्शी उसकी बड़ी बहन सिद्धि ताम्रकार सहित आसपास मौजूद लोग भी बताए गए हैं। घटना के संबंध पीड़ित सुमित ताम्रकार ने पेंड्रा थाने में लिखित आवेदन देकर दोषी चालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 125(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। वायरल हो रहे फुटेज में बच्ची के सड़क पार करने के दौरान ऑटो की चपेट में आने का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर मामले की विवेचना कर रही है।