फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

GPM News:  गौरेला पेंड्रा मरवाही में सफेद भालू के हमले में ग्रामीण घायल, इलाके में दहशत

Tue, 19 May 2026 12:58 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, गौरेला पेंड्रा मरवाही

मंगलवार को पेंड्रा वन परिक्षेत्र में एक सफेद भालू ने ग्रामीण पर हमला कर दिया। इस घटना में ग्रामीण घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में दहशत का माहौल बन गया और भालू को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

आमाडाड गांव निवासी लालू ड्रावहर किसी काम से घघरा डेम की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल से निकले सफेद भालू से उसका अचानक सामना हो गया। बताया जा रहा है कि भालू ने तुरंत लालू पर हमला कर दिया, जिससे दोनों के बीच कुछ देर तक संघर्ष हुआ। लालू ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन वह घायल हो गया। घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर और सामान्य है। भालू के ग्रामीण क्षेत्रों में घूमने की सूचना पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को संभालने के लिए वन विभाग और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा। अधिकारियों ने लोगों को भालू के करीब नहीं जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।

भालू के आबादी क्षेत्र में आने का कारण
बताया जा रहा है कि भालू पानी और भोजन की तलाश में जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाके की ओर पहुंचा था। गर्मी बढ़ने और जंगलों में पानी की कमी के कारण जंगली जानवर लगातार ग्रामीण क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं। हमला करने के बाद भालू घघरा क्षेत्र से आमाडाड, बसंतपुर होते हुए नवागांव की ओर बढ़ गया। वन विभाग द्वारा भालू की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

वन विभाग की अपील
वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल या सुनसान क्षेत्रों में न जाएं। उन्हें किसी भी जंगली जानवर की सूचना तुरंत वन विभाग को देनी चाहिए। यह कदम ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। विभाग जंगली जानवरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें