धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के गढ़डोंगरी गांव स्थित प्राचीन गणेश मंदिर में नवरात्रि के दौरान एक अनोखा नजारा देखने मिलता है। यहां प्रतिदिन शाम की आरती में एक भालू शामिल होता है। मंदिर समिति के मुताबिक, जैसे ही आरती का घंटा बजता है, भालू जंगल से निकलकर मंदिर पहुंचता है, प्रसाद ग्रहण करता है और फिर वापस चला जाता है। यह क्रम पिछले 3 साल से चल रहा है और अब तक भालू ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है। इस अनोखी परंपरा को देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।