छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जमीन की रजिस्ट्री दर को बढ़ाए जाने के विरोध लगातार बढ़ते जा रहा है। जिसके तहत धमतरी के जमीन कारोबारी संघर्ष समिति के सदस्यों ने आज गांधी चौक में धरना देकर प्रदर्शन किया। इस दौरान वित्तमंत्री ओपी चौधरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि 15 दिसंबर तक यह आंदोलन जारी रहेगा।जमीन कारोबारी संघर्ष समिति के अध्यक्ष ऋतुराज पवार एवं रोमी सावलानी, गुड्डा साहेब व अन्य सदस्यों ने कहा है कि हाल ही में रजिस्ट्री के सर्किल रेट, स्टाम्प शुल्क में की गई बढ़ोत्तरी से आम जनता, किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग और जमीन कारोबार से जुड़े लोग प्रभावित हो रहे हैं। भूमि और भवन की लागत बढ़ जाने से लोगों पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, जिससे व्यापक असंतोष है। उन्होंने कहा है कि यह आंदोलन 15 दिसंबर तक प्रतिदिन प्रातः साढ़े 11 बजे से शाम 5 बजे तक गांधी चौक में जारी रहेगा। जमीन कारोबारियों ने कहा है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा लिया गया यह फैसला जनविरोधी है, इसे तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। छत्तीसगढ़ में जमीन के कारोबारी से कई परिवार चल रहा है।