बिलासपुर के सिरगिट्टी स्थित आदर्श नगर मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य उस समय हादसे में बदल गया, जब खड़ा किया जा रहा ट्यूबलर पोल अचानक एक ओर झुक गया और असंतुलित होकर ऊपर से गुजर रही 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन से टकरा गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही पूरे पोल में करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में वहां कार्य कर रहे मजदूर आ गए। करंट लगते ही सभी मजदूर सड़क पर इधर-उधर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सिरगिट्टी थाना और डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मजदूरों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की पहचान जयंती ध्रुवे (40), पत्नी मुकेश, निवासी मध्य प्रदेश, प्रहलाद (40), सेवा राम बैगा (35), मुकेश कुमार (40) तथा दीपक यादव (36), पिता चोवा राम, के रूप में हुई है। सभी के हाथ-पैरों के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी अंदरूनी चोटें आई हैं।