फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिलासपुर में चाकूबाजी से दहशत: ऑटो चालक की हत्या के बाद दूसरे शख्स पर हमला, युवक और नाबालिग हिरासत में

अमन कोशले Updated Tue, 11 Aug 2026 06:11 PM IST

बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार शाम चाकूबाजी की दो घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी। मोहराभाठा शराब भट्ठी के पास हुए चाकू के हमले में 56 वर्षीय ऑटो चालक की मौत हो गई। घटना के कुछ समय बाद बूटापारा इलाके में भी एक व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली। दोनों घटनाओं में कथित रूप से शामिल एक युवक और एक नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक 10 अगस्त की शाम करीब 5 बजे मोहराभाठा स्थित शराब भट्ठी के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी। सूचना पर तोरवा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। हमले में देवरीखुर्द निवासी शिव नंदन साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की उम्र 56 वर्ष बताई गई है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। तोरवा पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। प्रत्यक्षदर्शियों से मिले हुलिए और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की आवाजाही का पता लगाने का प्रयास शुरू किया। पहली घटना की जांच चल ही रही थी कि पुलिस को बूटापारा इलाके में एक अन्य व्यक्ति पर चाकू से हमला किए जाने की जानकारी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल कन्हैया लाल राजड़े को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस को प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के बीच कड़ी जुड़ी होने की आशंका हुई। इसके बाद संदिग्धों की तलाश और तेज कर दी गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने रात में मनीष कैवर्त, निवासी कर्रा, थाना मस्तूरी को हिरासत में लिया। इसके साथ ही घटना में शामिल बताए जा रहे एक नाबालिग को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चाकूबाजी की घटनाओं के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें