भाटापारा ग्राम तूरमा में महिला कमांडो जय सतनाम सेना द्वारा अवैध शराबबंदी एवं अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उनके इस प्रयास को देखते हुए भाटापारा एसडीओपी तारेश साहू ने ग्राम पहुंचकर जय सतनाम सेना की महिलाओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने महिलाओं को साइबर सेल से जुड़ी ठगी के मामलों और उससे बचने के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही शासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो तत्काल 1930 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। वहीं, अवैध गतिविधियों की जानकारी देने के लिए जिले में संचालित समाधान सेल का भी उपयोग किया जा सकता है। एसडीओपी साहू ने जय सतनाम सेना की पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज से बुराइयों को मिटाने में महिलाओं की सक्रिय भूमिका प्रेरणादायक है।