फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambikapur News: जनसुविधाओं के मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस ने निगम कार्यालय का किया घेराव

Tue, 28 Jul 2026 09:23 PM IST
अंबिकापुर ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, अंबिकापुर

सरगुजा जिला के अंबिकापुर में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने शहर की मूलभूत नागरिक सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर नगर निगम कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क और प्रकाश व्यवस्था समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। प्रदर्शन के बाद युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन और घेराव के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति बनी, लेकिन बाद में माहौल शांत हो गया। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र अमल नहीं किया गया तो संगठन जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और तेज करेगा।

पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम के सभी 48 वार्डों में स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। साथ ही शहर की कई सड़कें बदहाल स्थिति में हैं और जगह-जगह बने गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। संगठन ने क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग उठाई।

युवा कांग्रेस ने शहर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों, विशेषकर रिंग रोड क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने, नियमित एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को फिर से चालू कराने की मांग भी रखी। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर अधूरे पड़े फव्वारों और सौंदर्यीकरण कार्यों को जल्द पूरा करने की आवश्यकता बताई गई।

ज्ञापन में नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों का पिछले सात से आठ माह से लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। युवा कांग्रेस का कहना था कि वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी से कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि सभी मांगों की समीक्षा कर उक्त मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें