शर्मा के सामने किसी अन्य ने नहीं भरा नामांकन
चंडीगढ़। राष्ट्रीय महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा उम्मीदवार रेखा शर्मा ने मंगलवार को राज्यसभा उपचुनाव के लिए सीएम नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। मंगलवार को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख थी। शर्मा के अलावा किसी अन्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया। विपक्षी दल कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारने से मना कर दिया था। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। एक दिन पहले सोमवार को भाजपा ने उन्हें राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया था। रिटर्निंग अधिकारी की ओर से 20 दिसंबर को उन्हें जीत का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
नामांकन के दौरान बातचीत में भाजपा उम्मीदवार रेखा शर्मा ने कहा, एक बार फिर से देश की सेवा का मौका देने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, पूर्व सीएम मनोहर लाल और सीएम नायब सिंह सैनी को धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने कहा, पीएम मोदी और सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्यवासियों की बेहतरी के लिए कार्य करूंगी। इस मौके पर सीएम ने कहा, रेखा शर्मा पार्टी की बहुत सीनियर नेता है और वह लंबे समय से धरातल पर काम करती रही हैं। कहा, शर्मा राज्यसभा में हरियाणा का पक्ष मजबूती से रखेंगी, जिसका हरियाणा को बहुत लाभ मिलेगा।
किसान हमारे आदरणीय हैं, विपक्ष कर रहा राजनीति : सैनी
किसान आंदोलन पर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, किसान हमारे आदरणीय है। मैं भी एक गरीब किसान का बेटा हूं, मुझे किसानों की समस्याओं का पता है। मेरे लिए ये गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री ने एक गरीब किसान के बेटे को हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 10 सालों में किसानों को सशक्त और मजबूत करने का काम किया है। जबकि कांग्रेस व अन्य दल किसानों के नाम पर राजनीति ढूंढ रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। किसान के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
जल्द शुरू होगा हिसार एयरपोर्ट
सैनी ने कहा, हिसार में महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे का काम अंतिम चरणों में है और यह जल्द ही शुरू हो जाएगा। इस एयरपोर्ट के संचालित होने से हिसार के आसपास इंडस्ट्रियल हब बनने सहित विकास के अन्य कई रास्ते खुलेंगे, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और इस क्षेत्र को बहुत लाभ मिलेगा। कहा, इस एयरपोर्ट से हरियाणा के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान को भी बड़ा फायदा होगा।