प्रदेश के किसानों को मिली बड़ी राहत
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने 184 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की है। इसमें फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों के लिए 10,393 मशीनों पर 122 करोड़ रुपये का अनुदान और 62 करोड़ रुपये का बोनस शामिल है।
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खरीफ 2024 के दौरान प्रतिकूल मौसम की वजह से प्रभावित हुई कृषि और बागवानी फसलों के लिए 2000 रुपये प्रति एकड़ बोनस देने का फैसला लिया था। इसी क्रम में आज 62 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई। इस योजना के तहत अब तक 860 करोड़ रुपये की बोनस राशि 8.18 लाख किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की जा चुकी है। फसल अवशेष प्रबंधन यंत्रों पर अनुदान देने के बारे में कृषि मंत्री ने बताया कि 10,393 मशीनों पर 122 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का यह कदम पर्यावरणीय समस्याओं के समाधान और उन्नत कृषि प्रथाओं को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।