मोकामा पुलिस ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए पिकअप लूट की एक बड़ी वारदात का महज एक घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है और लूटी गई पिकअप के साथ उस पर लदी 78 बोरा सरसों की खल्ली भी बरामद कर ली है।
कैसे हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक चंदन कुमार गाड़ी लेकर बाढ़ से लखीसराय जा रहा था। गुरुवार की मध्य रात्रि शिवनार मंदिर से करीब 400 मीटर आगे डायवर्सन के पास बोलेरो पर सवार चार लुटेरों ने उसे रोक लिया। अपराधियों ने चालक की जमकर पिटाई की और पिकअप लूटकर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही मोकामा थाना की पुलिस हरकत में आई और डायल 112 तथा हाइवे पेट्रोलिंग टीम के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई पिकअप और उस पर लदा सारा माल भी बरामद कर लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी
इस संबंध में पटना ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना के सफल उद्भेदन की जानकारी दी। इस दौरान बाढ़ एसडीपीओ आनंद कुमार सिंह और मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार भी मौजूद रहे। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गुरुवार रात शिवनार मंदिर से करीब 400 मीटर आगे न्यू बाइपास की ओर जाने वाली सड़क पर चार अपराधकर्मियों द्वारा पिकअप लूट की सूचना मिली थी। मोकामा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया और लूटा गया सारा सामान बरामद कर लिया गया है।
पढ़ें- Bihar : श्रेयसी सिंह ने तेजस्वी यादव को दी सलाह, कहा- हार की करें समीक्षा, सदन में विपक्ष न हों अमर्यादित
गिरफ्तार आरोपी और मास्टरमाइंड का खुलासा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सभी मोकामा निवासी बीएसएफ से अवकाश प्राप्त हरेराम कुमार, सचिन कुमार और मोहित राम शामिल हैं। इस लूट कांड का मास्टरमाइंड बीएसएफ से सेवानिवृत्त हरेराम सिंह बताया गया है, जो बिहार विधानसभा चुनाव में जनसुराज पार्टी से मोकामा विधानसभा का कथित दावेदार भी रह चुका है। हरेराम पर पहले से रंगदारी का मामला दर्ज है और उसी ने लूट के दौरान चालक के साथ मारपीट की थी।
पुलिस टीम को सम्मानित करने का फैसला
ग्रामीण एसपी ने चंद घंटों में ही इस बड़ी लूट की वारदात के सफल उद्भेदन पर मोकामा के सभी संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने का निर्णय भी लिया है।