पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर एक ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला अपनी नाती के साथ बाइक से घर लौट रही थी। सड़क किनारे खड़ी ट्राली से बचने के दौरान बैलेंस बिगड़ने पर महिला नीचे गिर गई। पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए फरार हो रहे ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया।
खानपुर के कर्णपुर गांव निवासी सुरेशो देवी अपने नाती जयेन्द्र के साथ बाइक पर रुड़की से घर लौट रही थी। लंढौरा में पुलिस चौकी के समीप अस्पताल के बाहर एक ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी। जयेन्द्र ट्राली से बचकर निकलने लगा तो उसका बैलेंस बिगड़ गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक हुआ फरार
लेड़खड़ाने पर पीछे बैठी उसकी नानी सुरेशो नीचे गिर पड़ी। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सुरेशो को कुचल दिया। जबकि जयेन्द्र बाल बाल बचा। मौके पर ही 52 वर्षीय सुरेशो की मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और हादसे के बाद फरार हो रहे ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। चौकी प्रभारी मनोहर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया गया है।
अतिक्रमण बना मौत का कारण
कस्बे में अतिक्रमण अब जान पर भी भारी पड़ने लगा। सड़क के दोनों तरफ अतिक्रमण से यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी रहती है। जाम की समस्या से राहगीर रोजाना जूझते हैं। पुलिस चौकी के आस पास ही बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है।
रविवार को हादसे की एक वजह अतिक्रमण रहा। अस्पताल के बाहर एक तरफ ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी, जबकि दूसरी तरफ दुकानों के बाहर फड़ ठेलियां लगाई गई थी। ऐसे में राहगीरों के लिए रास्ता काफी कम था। यही वजह है कि जयेन्द्र का बैलेंस गड़बड़ा गया और नीचे गिरने के बाद ट्रक से कुचलकर सुरेशो की मौत हो गई।