उत्तराखंड में रविवार सांय को मंडल घाटी, कुजौं मेकोट और निजमुला घाटी में हुई भारी बारिश से ग्रामीण दहशत में हैं। हालांकि इन जगहों पर अभी तक किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
दोपहर बाद हुई तेज बारिश से ग्रामीणों के होश उड़ गए। ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए। करीब तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से ग्रामीण भयभीत हो उठे। देर सांय साढे़ पांच बजे तक ही मौसम सामान्य हो पाया।
ग्राम प्रधान ईराणी भजन सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र में सामान्य से कई गुना अधिक बारिश हुई। ग्रामीण भारी बारिश में अपने घरों से बाहर निकल गए।
घाट क्षेत्र में भी रविवार को भारी बारिश हुई। स्थानीय निवासी शांति प्रसाद नौटियाल ने बताया कि बारिश से क्षेत्र के पैदल रास्ते और मोलागाड-मटई मोटर मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया है।
क्षेत्र में आवागमन में सभी रास्ते ध्वस्त हो जाने से ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश से बदरीनाथ हाईवे का सुधारीकरण कार्य और गोविंदघाट में अलकनंदा नदी पर लकड़ी के पुल बनाने का कार्य भी प्रभावित हुआ।