पीजी कॉलेज में देवभूमि उद्यमिता योजना का आयोजन
छात्राओं को दी स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न पहुलओं की जानकारी
पुरोला। पीजी कॉलेज में देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं को स्वरोजगार, स्टार्टअप एवं आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय स्वयं रोजगार सृजक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. एके तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए उद्यमिता एक बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय संसाधनों, कृषि, बागवानी, हस्तशिल्प, पर्यटन एवं स्वरोजगार आधारित गतिविधियों में अपार संभावनाएं हैं जिनका लाभ उठाकर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
देवभूमि उद्यमिता योजना की संदर्भदाता सपना नेगी ने छात्र-छात्राओं को उद्यमिता विकास, व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, स्वरोजगार के अवसरों व सरकारी योजनाओं के माध्यम से मिलने वाले प्रशिक्षण एवं आर्थिक सहायता संबंधी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने, डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करने व छोटे स्तर से व्यवसाय शुरू कर उसे आगे बढ़ाने के विभिन्न तरीके भी बताए। इस मौके पर डॉ. गणेश प्रसाद, डॉ. बिशम्बर जोशी, कृष्ण देव रतूड़ी, राजेंद्र लाल आर्य, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. वैशाली सिंह, डॉ. यमुना प्रसाद रतूड़ी, डॉ. बबीता बंटवाण, डॉ. तबस्सुम जहां, बलवीर सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।