शनिवार रात को हुई मूसलाधार बारिश के बाद रविवार को खिली धूप के साथ मौसम फिर खुशगवार हो गया। रविवार को 744 तीर्थयात्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचे।
बीते तीन दिनों से बारिश नहीं होने से जनपद में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही थी। शनिवार रात को जिले के विभिन्न हिस्सों में जमकर बारिश हुई। इस बारिश से कहीं किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई। रविवार सुबह से ही खिली धूप के साथ मौसम खुशगवार हो गया। उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। यमुनोत्री एवं गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु रहने पर इन धामों तक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। रविवार को 136 तीर्थयात्री यमुनोत्री और 608 यात्री गंगोत्री धाम पहुंचे।
केदारनाथ में हेलीकाप्टर सेवा प्रभावित
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ में रविवार को 211 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। नौ मई को कपाट खुलने के बाद से 2,51,856 यात्री केदारनाथ धाम पहुंच चुके हैं। इधर, धाम में मौसम सुहावना रहा।
दोपहर तक चटक धूप खिली रही। हालांकि बाद में घने बादल और कोहरा छाने से हेलीकाप्टर सेवा भी प्रभावित रही। दूसरी तरफ मद्महेश्वर, तुंगनाथ, कालीमठ, त्रियुगीनारायण और गुप्तकाशी में स्थित विश्वनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
632 ने किए बदरी विशाल के दर्शन
गोपेश्वर। बदरीनाथ सहित चमोली जिले में रविवार को दिनभर मौसम सामान्य बना रहा। जिले में पूरे दिन बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर यात्रा सुचारु रुप से चलती रही। बदरीनाथ धाम में रविवार को सांय पांच बजे तक 632 तीर्थयात्री पहुंचे। वहीं हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिये 453 तीर्थयात्री घांघरिया पहुंचे। ब्यूरो