समाज कल्याण विभाग में मार्च 2016 से अटकी 17 हजार से अधिक पेंशनधारकों की पेंशन एक सप्ताह के भीतर मिनी बैंक और पोस्ट ऑफिस में पहुंच जाएगी। कोषागार में दो दिन पहले लंबित बिल पास होने के बाद विभाग ने पेंशन भुगतान करने की कवायद शुरू कर दी है। लंबे समय से पेंशन भुगतान न होने पर पेंशनधारक खासे परेशान नजर आने लगे थे।
समाज कल्याण विभाग हमेशा से ही पेंशन भुगतान में लेटलतीफी करता आया है। इस बार भी लंबे समय बाद लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान होगा। समाज कल्याण में पेंशनरों की कुल संख्या 32,179 है। इसमें पिछले छह माह से 21,432 लाभार्थियों की पेंशन रुकी पड़ी हुुई है।
इनमें वे लाभार्थी शामिल हैं जिनकी पेंशन मिनी बैंक या पोस्ट ऑफिस में आती है। जबकि 10 हजार से अधिक सीबीएस खाताधारकों को समय पर पेंशन का भुगतान हो चुका है। अब कोषागार में करीब एक माह बाद 444.16 लाख का लंबित बिल पास हो गया है तो 17221 लाभार्थियों को एक सप्ताह के भीतर पेंशन का भुगतान किया जाएगा।
इसमें वृद्धावस्था, किसान पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन शामिल है। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कोषागार में लंबित बिल पास न होने से पेंशन भुगतान में काफी समय लग गया। समाज कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि बिल पास होने के बाद शीघ्र ही एक सप्ताह के अंदर सभी छूटे हुए लाभार्थियों को पेंशन का भुगतान किया जाएगा। बता दें कि मार्च महीने से पेंशन का भुगतान न होने से लाभार्थी विभाग के चक्कर काट कर थक चुके थे।