जंगलों में भड़की आग वन संपदा को नष्ट करने के साथ ही अब आबादी के लिए भी खतरा बनती जा रही है। बुधवार की रात को रनाड़ी गांव के पास तक पहुंची दावानल से एक छानी जलकर राख हो गई।
बुधवार रात को डुंडा रेंज के अंतर्गत रनाड़ी के जंगल में लगी आग ने गांव का रुख किया। देर रात करीब साढ़े 12 बजे गांव के चौकी नामे तोक में मुलायम चंद रमोला की छानी दावानल की चपेट में आने से राख हो गई।
घटना के समय छानी में बंधे मवेशियों को तो ग्रामीणों ने किसी तरह सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन इसमें रखी इमारती लकड़ियां और अन्य सामान जल गया। ग्रामीणों ने आसपास की अन्य छानियों को आग की चपेट में आने से बचा लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने पर भी वन कर्मी आग बुझाने के लिए मौके पर नहीं पहुंच रहे हैं।