शिकायत के बाद भी वन विभाग नहीं दे रहा है ध्यान
उत्तरकाशी। बरसाली पट्टी के सिंगोट गांव में जंगली सुअरों ने ग्रामीणों की धान की फसल नष्ट कर दी है। उनका कहना है कि हर दिन जानवर झुंड में खेतों में पहुंच रहे हैं और उसके बाद पूरी फसल को नष्ट कर रहे हैं। कहा कि इस संबंध में कई बार वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी गई लेकिन ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
सिंगोट गांव के ग्राम प्रधान धर्मेद्र रावत, ज्ञानेंद्र रावत, रजनेश चौहान और शैलेंद्र पंवार का कहना है कि जंगली सुअरों के कारण उन्हें फसलों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का धान का सेरा पूरी तरह बरबाद कर दिया गया है। जंगली सुअरों की ओर से फसल खाने के बाद उसे पूरी तरह पैरों से कुचल दिया जाता है। कहा कि उनकी आर्थिकी इन्हीं फसलों पर चलती है।
दूसरी ओर शाम होते ही जंगली सुअर झुंड के साथ सड़कों पर भी घूमते दिखाई दे रहे हैं। इस कारण लोगों के आवाजाही में भी खतरा बना रहता है। ग्रामीण अपनी ओर से इन जानवरों को खेतों और सड़क से भगाने का प्रयास करते हैं लेकिन उसके बावजूद भी इनकी ओर से किए जा रहे नुकसान का रोका नहीं पा रहे हैं। इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों को कई बार जानकारी दी गई लेकिन अभी तक जंंगली सुअरों को रोकने के लिए किसी प्रकार के कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जल्द ही इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की है।