प्री मानसून में ही सड़कों पर लोगों का चलना हुआ मुश्किल
उत्तरकाशी। लगातार हो रही बारिश से शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी है। गंगोत्री हाईवे सहित नगर की कई आंतरिक सड़कों पर जलभराव से स्थानीय लोगों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों की आवाजाही जोखिमभरी हो गई है। राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे खराब स्थिति गंगोत्री हाईवे से सटे केदारनाथ तेखला बाईपास चौक की है। बीते सोमवार की भारी बारिश के बाद चौक पर पानी भर गया था जबकि सड़क पर बने गहरे गड्ढों ने समस्या को और बढ़ा दिया। मार्ग चारधाम यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा होने के साथ गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग और कोटबंगला समेत आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाली प्रमुख कड़ी है। प्रतिदिन यहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक गुजरते हैं।
नगर क्षेत्र के गंगोरी, तिलोथ, मेन बाजार और ज्ञानसू समेत कई स्थानों पर भी जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। तिलोथ में हल्की सी बरसात में उत्तरकाशी-लंबगाव मोटर मार्ग से पूरा पानी तिलोथ पुल को जोड़ने वाली सड़क पर बह रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश के बाद लंबे समय तक पानी सड़कों पर जमा रहता है। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है और कई वाहन गड्ढों में फंस रहे हैं। बारिश के बाद सड़कों की बदहाल स्थिति ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तेखला चौकी में सुबह से शाम तक पुलिस की ड्यूटी रहने के बावजूद सड़क की स्थिति सुधारने के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। क्षेत्र के अमित बलूनी ने जिला प्रशासन से आंतरिक सड़कों के साथ ही तेखला बाईपास चौक पर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने और सड़क के गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।