उत्तरकाशी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने काम तेज कर दिया है। चुनाव से पहले जिले की मतदाता सूची को सही करने और 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए छूटे हुए लोगों से फॉर्म-6 भरवाकर उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। वहीं, जिन मतदाताओं के नाम, पिता या पति के नाम और अन्य जानकारियों में गलती है, उन्हें फॉर्म-8 के माध्यम से ठीक कराया जाए। 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को भी मतदाता बनने के लिए जागरूक किया जाए।
बैठक में मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, पहुंच मार्ग और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ समय पर तैयारियां पूरी करने को कहा।