भटवाड़ी में केवि स्थापना सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित हैं लोग
व्यापार मंडल के साथ सालू और सौरा के ग्रामीणों ने दिया समर्थन
उत्तरकाशी। भटवाड़ी में तीन सूत्री मांगों को लेकर धरने पर बैठे लोगों को रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी सहित भटवाड़ी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपना समर्थन दिया। व्यापार मंडल का कहना है कि अगर आवश्यकता पड़ी तो क्षेत्र के विकास के लिए बाजार बंद कर मांगों को लेकर लड़ाई में अपना सहयोग करेंगे। साथ ही तय रोस्टर के अनुसार सौरा गांव और सालू गांव के लोगों ने भी आंदोलन में प्रतिभाग किया।
भटवाड़ी विकासखंड के सालू गांव के पहले लोग जंगल के बीच चार किमी की पैदल दूरी तय कर सड़क तक पहुंचे। उसके बाद वह करीब चार किमी वाहन से धरनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में आज भी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। वह शिक्षा, सड़क और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के लिए कई बार शासन-प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं लेकिन आज तक वह मांगे पूरी नहीं हो रही है।
दूसरी ओर भटवाड़ी व्यापार मंडल ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए कहा कि अगर सुनवाई नहीं होती है तो जल्द ही क्षेत्र में बाजार बंद का एलान किया जाएगा। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य बबीता रावत, विवेक नौटियाल, यजवेंद्र रावत, अनिल रावत, केशव नौटियाल, प्रीतम रावत, विपिन राणा, आकाश, संदीप, बुद्धि लाल्र, बलराज राणा आदि मौजूद रहे। संवाद