भल्डगांव पुनर्वास के लिए आंदोलित हैं प्रभावित
चिन्यालीसौड़। भल्डगांव के सुरक्षित एवं स्थानीय पुनर्वास की मांग को लेकर ग्रामीणों का आंदोलन स्वतंत्रता दिवस पर भी नहीं थमा। स्वतंत्रता दिवस पर ग्रामीणों ने धरना चौथे दिन जारी रखा और आंदोलनकारियों ने टिहरी झील में उतरकर शासन-प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाई। ग्रामीणों ने चेताया कि जल्द ठोस निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और निर्णायक रूप दिया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर धरना स्थल पर ग्रामीणों ने तिरंगे को नमन किया और अपने अधिकार, सम्मान व सुरक्षित भविष्य की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। इसी दौरान यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर विस्थापन और पुनर्वास से जुड़ी समस्याएं सुनीं और जल्द उचित पहल का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने घर, जमीन और भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि भल्डगांव के ग्रामीणों को सुरक्षित, सम्मानजनक और न्यायपूर्ण स्थानीय पुनर्वास दिया जाए। आंदोलनकारियों ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी, जिलाधिकारी टिहरी और टीएचडीसी को भी आंदोलन की गंभीरता से अवगत कराया।
ग्रामीणों ने कहा कि केवल आश्वासन से समस्या का समाधान नहीं होगा, शासन को अब साफतौर पर ठोस निर्णय लेना होगा। आंदोलनकारी गोपीनाथ रावत ने कहा कि पुनर्वास के मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।