उत्तरकाशी में टनल के विरोध में डीएम को ज्ञापन सौंपते उपला टकनौर क्षेत्र के लोग।
- फोटो : UTTER KASHI
सुक्की टॉप क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों ने चारधाम परियोजना के तहत बीआरओ की विचाराधीन टनल का विरोध किया है। पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि यहां टनल बनने से क्षेत्र के चार गांवों की व्यवसायिक गतिविधियों पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेज क्षेत्र केे चारधाम योजना से जोड़े रखने की मांग की है।
सुप्रीम कोर्ट से भारत-चीन सीमा पर सड़क की चौड़ाई बढ़ाए जाने अनुमति दिए जाने के बाद बीआरओ अब उत्तरकाशी जनपद में चारधाम परियोजना का कार्य शुरू करने जा रहा है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुक्की टॉप के मोड़ों वाले क्षेत्र से झाला तक टनल निर्माण पर विचार हो रहा है। इससे गंगोत्री तक 10 किमी दूरी कम हो जाएगी।
बीआरओ का कहना है कि इस क्षेत्र में सर्दियों में काफी बर्फ रहने से अक्सर यहां रास्ता बंद रहता है। हालांकि बीआरओ के अधिकारियों का यह भी कहना है कि सुक्की टॉप वाले क्षेत्र में सड़क मार्ग भी रहेगा। समय-समय पर इस मार्ग का रखरखाव किया जाएगा। लेकिन सुक्की टॉप क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि टनल के विरोध में लामबंद हो गए हैं। सोमवार को पंचायत प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजा। जिला पंचायत सदस्य जयमाला रौतेला, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरिका रौतेला, ग्राम प्रधान झाला सुरजा देवी आदि ने कहा कि टनल बनने से सुक्की, जसपुुर, पुराली व झाला गांव की व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।