भालुओं के हमलों से परेशान होने पर फूटा गुस्सा, निजात दिलाने की मांग
जल्द समस्या हल नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
भटवाड़ी। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे भालुओं के हमलों से परेशान ग्रामीणों ने भटवाड़ी में वन विभाग कार्यालय का घेराव किया। ग्रामीणों का कहना है कि भालू दिन दहाड़े ही बस्ती की तरफ आ रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है जिससे लोग अपने दिनचर्या का काम नहीं कर पा रहे हैं। इससे लोगों में दहशत है। उन्होंने जल्द ही भालू की दहशत से निजात दिलाने की मांग की है। साथ ही ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को भटवाड़ी क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र पंचायत सदस्य आसिता नौटियाल के नेतृत्व में वन विभाग कार्यालय पहुंचे। उन्होंने वन विभाग के कार्यालय का घेराव किया। कहा कि यदि विभाग और सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं करती तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपनी दिनचर्या के काम करने में भी डर लग रहा है।
भटवाड़ी क्षेत्र में भालू रात होते ही गांव के आसपास आ रहा है जिससे ग्रामीणों में दिन प्रतिदिन भय का माहौल बनाता जा रहा है। सबसे ज्यादा भालू के हमले भटवाड़ी क्षेत्र में हो रहे हैं। कई लोगों को भालू ने घायल कर दिया है लेकिन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। वहीं, विभाग का कहना हैं कि विभाग पूरी मुस्तैदी से गश्त कर रहा है। आगे भी आम आदमी की सुरक्षा के लिए कार्य करेगा। घेराव करने वालों में महिला मंगल दल अध्यक्ष संतोषी रतूड़ी, अंबिका नौटियाल, सीता, रमेशी, प्रभा, सरिता राधा, कल्पना कुलदीप नौटियाल, इंद्रेश, नरेश कन्हैया कुमार आदि मौजूद रहे।