कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को सौंपा ज्ञापन, दी आंदोलन की चेतावनी
उत्तरकाशी। सालंग मोटर मार्ग निर्माण की धीमी गति से सालंग गांव के ग्रामीणों में रोष है। शनिवार को ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र पूरा करने की मांग की। साथ ही गांव को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे पुल निर्माण में भी तेजी लाने की मांग की। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों का निस्तारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को विकासखंड भटवाड़ी के सालंग गांव की प्रधान ललिता के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां पहुंचकर उन्होंने जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्राम प्रधान ललिता, क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद सिंह, बुद्धि सिंह ने बताया कि सालंग मोटर निर्माण का कार्य 2021-22 से चल रहा है।
सड़क कटिंग कार्य कर दिया गया है, लेकिन कुछ स्थानों पर इतनी चड़ाई रखी गई कि वाहनों का आवागमन में दिक्कत हो रही है। इस संबंध में कार्यदायी संस्था को भी अवगत भी कराया गया। कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के बीच लिखित अनुबंध भी हुआ, लेकिन कार्य नहीं किया गया और नहीं इस पर ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर बचन सिंह, कमल सिंह राणा, राजेश राणा, वचेंद्र सिंह, अवतार सिंह, प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे