जिला पंचायत ने जिले में विभिन्न जगहों पर अनुपयोगी पड़ी जमीन को उपयोगी बनाने की कवायद तेज कर दी है। जिला पंचायत ने टूरिस्ट लॉज, दुकानें आदि व्यवसायिक भवन तैयार कर इन्हें स्थानीय लोगों के रोजगार से जोड़ने का निर्णय लिया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने कार्यों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। अध्यक्ष ने बताया कि डुंडा सैणी में भागीरथी नदी के किनारे पड़ी जमीन पर पर्यटकों के लिए कॉटेज बनाए जाएंगे। सुनारगांव चिन्यालीसौड़ में व्यवसायिक भवन एवं दुकानों का निर्माण शुरू करा दिया गया है।
पहले जिला पंचायत ने बंदरकोट के पास कूड़ा प्रबंधन के लिए जमीन का चयन किया था, लेकिन जनविरोध के चलते अब यहां यात्री विश्राम गृह और व्यवसायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। वीरपुर डुंडा गांव में 12 लाख रुपये लागत से बिछाई जा रही टाइल्स का निरीक्षण किया।
कहा कि जिला पंचायत की आय बढ़ाने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अधिक से अधिक अवसर तैयार करने के उद्देश्य से व्यवसायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रकाश रमोला, जिला पंचायत सदस्य कुलदीप बिष्ट, डुंडा व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील जोशी, सोबन लाल, एई महेश विश्नोई, विक्रम रावत आदि मौजूद रहे।