बीमा नहीं होने से बढ़ी मुश्किल
अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त ट्रक का बीमा नहीं था। अदालत ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने के लिए 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा कराने का आदेश दिया था। भारतीय रुपये में यह रकम करीब 2.51 करोड़ होती है। इतनी बड़ी राशि का इंतजाम करना इंद्रमणि के परिवार के लिए संभव नहीं था।
सोशल मीडिया पर अपील से शुरू हुआ अभियान
पिता की वापसी के लिए दीपिका ने हार नहीं मानी। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से संपर्क करने के साथ ही सोशल मीडिया के जरिए लोगों से आर्थिक मदद मांगी। उनकी अपील का असर हुआ और उत्तरकाशी से शुरू हुई मुहिम देश के अलग-अलग हिस्सों के साथ विदेशों तक पहुंच गई।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: पांच साल में यूसीसी से नकल विरोधी कानून तक, धामी सरकार का दावा-इन फैसलों ने बदली प्रदेश की तस्वीर
इस अभियान में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों और प्रवासी भारतीयों सहित हजारों लोगों ने योगदान दिया। उत्तराखंड सरकार ने भी दो लाख रुपये की सहायता दी। टिहरी निवासी रोशन रतूड़ी ने भी धनराशि जुटाने और जरूरी औपचारिकताएं पूरी कराने में सहयोग किया। करीब दो महीने की कोशिशों के बाद जरूरी रकम जुटाई गई। इसके बाद 9.84 लाख सऊदी रियाल की राशि जमा कराई गई और रिहाई से संबंधित औपचारिकताएं पूरी हुईं। शुक्रवार को इंद्रमणि के दिल्ली पहुंचने के साथ ही परिवार का लंबा इंतजार खत्म हो गया।