विधायक को बताई समस्या, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
उत्तरकाशी। उपनल के माध्यम से विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत पूर्व सैनिकों और सुरक्षा गार्डों ने समान कार्य के लिए समान वेतन समेत विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठाई है। सोमवार को बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। साथ ही विधायक के माध्यम से ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया।
ज्ञापन में पूर्व सैनिकों ने कहा कि उपनल की स्थापना पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को सम्मानजनक रोजगार और कल्याणकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा गार्डों को समान कार्य के लिए समान वेतन के लाभ से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय के आदेशों के क्रम में उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन देने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में सुरक्षा गार्डों को भी इसका लाभ तत्काल दिया जाना चाहिए।
गार्ड आठ से 12 घंटे तक दिन-रात कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी करते हैं। इसके बावजूद उनके मानदेय में विसंगतियां बनी हुई हैं। पूर्व सैनिकों ने मानदेय में उचित वृद्धि, वेतन संबंधी विसंगतियां दूर करने और सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर युद्धवीर सिंह, सुरेश भट्ट, सोबेंद्र भंडारी, राजेंद्र प्रसाद, गंगा पैन्यूली, मुकेश नौटियाल, रमेश सिंह, संतोष थापा, जयबीर सिंह, प्रवेंद्र सिंह, मंजीत सिंह और संदीप थापा आदि मौजूद रहे।