उत्तरकाशी। युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि आज उत्तराखंड सहित संपूर्ण देश में बेरोजगार व महंगाई आदि कई अहम समस्याएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार इन मुद्दों पर चर्चा तक नहीं कर रही है। सरकार केवल सीएए, धारा 370 जैसे मुद्दों को लेकर जनता को गुमराह करने में जुटी है।
जीएमवीएन सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुल्लर ने बताया कि युवा कांग्रेस ने अहम मुद्दों व जनसमस्याओं को उठाने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय किया है। इसके तहत प्रदेश में बेरोजगारी रजिस्टर तैयार किया जाएगा। इसके लिए संगठन के सदस्य सभी जिलों में जागरूकता अभियान चलाकर बेरोजगार युवाओं का आंकड़ा एकत्र करेंगे। बेरोजगार युवाओं की संख्या जानने के लिए एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया गया है। इसमें सभी युवा मिस कॉल करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं। बेरोजगारी रजिस्टर तैयार होने के बाद इसे सरकार के सामने पेश किया जाएगा। साथ ही इन युवाओं को उचित रोजगार देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की जाएगी। इस दौरान उन्होंने बर्फ में फिसलकर पाकिस्तान की सीमा में लापता हुए उत्तराखंड के जवान राजेंद्र सिंह को वापस लाने की भी मांग की। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनीष राणा, गोपाल भंडारी, सुधीश पंवार, आकाश भट्ट, ज्योति प्रकाश नौटियाल, दीपक राणा, प्रवेश राणा, गणेश राणा, हिम्मत चौहान आदि मौजूद रहे।