उत्तरकाशी।
जनपद के नगरपालिका बड़कोट सहित चिन्यालीसौड़ और पुरोला क्षेत्र को सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार आगामी वर्ष 2027 के शुरुआती माह में इन सभी योजनाओं पर कार्य शुरू होने की संभावना है।
नगरपालिका बड़कोट, चिन्यालीसौड़ और पुरोला क्षेत्र सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट न होने के कारण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से गंगा, यमुना सहित सहायक कमल नदी सीवरेज के नालों से दूषित हो रही थी। साथ ही स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा था। गंगा, यमुना और कमल नदी की स्वच्छता को देखते हुए शासन की ओर से पुरोला, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ में एसटीपी प्लांट के निर्माण के लिए स्वीकृति दी है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार बड़कोट में दो 2.25 एमएलडी व .70 एमएलडी के एसटीपी प्लांट का निर्माण 33.65 लाख की लागत से किया जाएगा। साथ ही पुरोला में 1.25 एमएलडी के प्लांट का निर्माण 20.16 लाख की लागत से किया जाएगा। साथ ही चिन्यालीसौड़ में 10 केएलडी के एफएसटीपी प्लांट का निर्माण 7.57 लाख की लागत से किया जाएगा। निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई (गंगा) के परियोजना प्रबंधक मानविरेंद्र कफोला ने बताया कि सभी योजनाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की गई है। उम्मीद है कि आगामी वर्ष के शुरुआती माह में इन योजनाओं पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।