बारहवीं में पढ़ने वाली छात्रा समेत दो लोगों के आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिंगूणी गांव निवासी कौर सिंह चौहान की बेटी मनीषा राइंका बर्नीगाड में बारहवीं कक्षा में पढ़ती थी। बृहस्पतिवार को वह स्कूल नहीं गई। उसकी मां गांव गई हुई थी, पिता और दादा काम के लिए घर से बाहर गए थे। सुबह करीब नौ बजे उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष संजय रावत ने बताया कि छात्रा द्वारा आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मोरी के थानाध्यक्ष रवि प्रसाद कवि ने बताया कि मोरी बाजार निवासी राजेश चंदेल (35) पुत्र ईश्वर चंद का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि वह शराब पीने का आदी था। इस वजह से उसका घर में झगड़ा होता रहता था। बृहस्पतिवार सुबह राजेश के घर से बाहर न आने पर पड़ोसियों ने जब रोशनदान से झांक कर देखा तो वह पंखे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया।