उत्तरकाशी। डुंडा क्षेत्र के खट्टूखाल सहित देवीधार गांव के आसपास गुलदार के बढ़ते हमलों को देखते हुए वन विभाग की ओर से ग्रामीणों के साथ मिलकर स्वैच्छिक ग्राम सुरक्षा बल का गठन किया गया है।
साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए दो पिंजरे लगाए गए हैं। लेकिन अभी तक वन विभाग गुलदार को पकड़ने में करीब दो सप्ताह बाद भी नाकाम रहा है। डुंडा क्षेत्र के खट्टूखाल में बीते सात अगस्त को गुलदार ने एक युवती पर हमला किया था। उसके बाद उसी गुलदार ने देवीधार के समीप एक बाइक सवार युवक पर भी हमला किया। उसके बाद से लगातार खट्टूखाल सहित नौलियासौड़ व देवीधार के आसपास गुलदार लगातार दिखाई दे रहा है।
करीब दो सप्ताह बाद भी वन विभाग गुलदार को नहीं पकड़ पाया है। अब विभाग की ओर से खट्टूखाल सहित देवीधार में दो पिंजरे लगाए गए हैं। साथ ही विभिन्न् स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। रेंज अधिकारी मुकेश रतूड़ी ने टीम के साथ पिंजरों का निरीक्षण गश्त को बढ़ाने के निर्देश दिए। गुलदार को पकड़ने के लिए उसके पगमार्क की जांच की जा रही है। ग्रामीणों के साथ मिलकर ग्राम सुरक्षा बल का गठन किया है। संवाद