आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियां के चलते गांव-गांव भ्रमण कर बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। उन्होंने ग्रामीणों को दिल्ली की तर्ज पर मुफ्त बिजली पानी मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।
आम आदमी पार्टी के पूर्व विधानसभा संयोजक देवी प्रसाद बिजल्वाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के विस्तार की रणनीति पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौर में सरकार संक्रमण रोकने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पारित किसान बिलों को पूरी तरह किसानों के साथ धोखा बताया। हाल ही में पार्टी में शामिल हुए एसबीआई के सेवानिवृत्त शाखा प्रबंधक हरिमोहन जुवांठा ने कहा कि राज्य गठन के बाद से भाजपा एवं कांग्रेस की सरकारों ने पहाड़ों की उपेक्षा की है। शिक्षा और स्वास्थ्य की बदहाली के साथ ही बेरोजगारी के चलते लोग पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब तीसरे विकल्प की तलाश कर रही है और आम आदमी पार्टी ही विकल्प हो सकती है। इस मौके पर दौलतराम बडोनी, भूपाल गुसाईं, बृजमोहन रावत, बलवीर नौटियाल, भरत सिंह नेगी, अवतार असवाल आदि अनेक लोग मौजूद रहे। ब्यूरो