शहीद स्मारक पर दिया धरना, नगर पंचायत के खिलाफ की नारेबाजी, मेला स्थगित करने की मांग
त्रिस्तरीय वार्ता के बाद मेला अब सात के बजाया पांच ही दिन का होगा
लंबगांव (टिहरी)। चाैंड में आयोजित सात दिवसीय नगर महोत्सव के विराेध में व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर शहीद स्मारक में धरना दिया। व्यापारियों ने नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मेला स्थगित करने की मांग की। तहसील प्रशासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष व व्यापारियों से वार्ता की। विरोध को देखते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष ने मेला सात के बजाय अब पांच ही दिन करने का आश्वासन दिया।
लंबगांव नगर पंचायत की ओर से चौंड में एक से सात फरवरी तक नगर महाेत्सव शुरू किया गया है। व्यापारियों का कहना है कि महोत्सव/मेले को लेकर व्यापारियाें काे विश्वास नहीं लिया गया है। मेले में लगाए गए स्टाल भी बाहर के व्यापारियों को आवंटित किए गए हैं। व्यापारियों ने सोमवार को बाजार बंद कर शहीद स्मारक पर एकत्रित होकर धरने पर बैठे और नगर पंचायत के खिलाफ नारेबाजी कर मेला स्थगित करने की मांग की।
तहसीलदार आनंदपाल व्यापारियों से वार्ता करने पहुंचे लेकिन व्यापारियों ने उनकी एक नहीं सुनी और चक्काजाम करने लगे। वहां मौजूद थानाध्यक्ष महीपाल रावत ने व्यापारियों को किसी तरह शांत कराया और जाम खुलवाया। उसके बाद तहसीलदार नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ के साथ व्यापारियों से वार्ता करने पहुंचे।
त्रिपक्षीय वार्ता में व्यापार मंडल और नगर पंचायत के बीच मेला सात के बजाए पांच फरवरी तक ही आयोजित करने पर सहमति बनी। उसके बाद व्यापारियों ने बाजार खोल दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार ने कहा कि व्यापारी अपने हितों की रक्षा के लिए हमेशा एकजुट रहेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने कहा कि इस तरह के मेले को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। साथ ही रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। भविष्य में इस प्रकार के मेले में व्यापार मंडल की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके पर युद्धवीर राणा, केदार सिंह राणा, अर्जुन बिष्ट, रमेश रावत, अमन राणा, कविराज बगियाल, जगदीप रावत, साैरभ रावत, धर्म सिह रांगड़, सुनील रावत, रविंद्र कंडियाल, जयवीर बिष्ट, सुरेंद्र रावत और विजय रावत आदि माैजूद थे।