जिला परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक में डीएम मयूर दीक्षित ने ऋण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने बैंकर्स को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के लिए लाभार्थियों को समय पर ऋण मुहैया कराने के निर्देश दिए।
बुधवार को जिला सभागार में आयोजित जिला परामर्शदात्री एवं पुनरीक्षण समिति की बैठक में लीड बैंक अधिकारी बीएस तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में 759 का लक्ष्य दिया गया था, जिसके सापेक्ष 544 ऋण स्वीकृत किए गए। इसके अलावा शहरी आजीविका मिशन में 70, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन में 95, मुख्यमंत्री स्वरोजगार में 423, वीर चंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार में 14, दीनदयाल उपाध्याय होम स्टे में 13, डेयरी में 301, मत्स्य पालन में 36 ऋण आवेदन स्वीकृत किए गए। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी विमल आर्य, मुख्य कृषि अधिकारी गोपाल भंडारी, पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, उरेडा की परियोजना अधिकारी वंदना आदि मौजूद रहे।