उत्तरकाशी /बड़कोट। गंगोत्री हाईवे पर मंगलवार को पापड़ गाड के समीप हाईवे सुबह तीन घंटे तक आवाजाही के लिए बंद रहा जिससे कांवड़ यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन हो रहा है। स्यानाचट्टी में दूसरे दिन भी आवाजाही बंद रही।
गंगोत्री हाईवे पर सुबह पापड़ गाड के पास भू-धंसाव होने से मार्ग अवरूद्ध हो गया था। बीआरओ की जेसीबी ने कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे को तीन घंटे बाद यातायात के लिए सुचारू किया। इस दौरान हाईवे के दोनों सैकड़ों की संख्या में कांवड़ यात्री फंसे रहे। इसी तरह यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैण्ड, पालीगाड, स्यानाचट्टी, हनुमानचट्टी, बाडिया, जंगलचट्टी, रानाचट्टी, झर्झरगाड के पास भूस्खलन व मलबा आने के कारण मार्ग अवरूद्ध रहा।
दोपहर से पहले सभी स्थानों पर आवाजाही बहाल हो गई थी लेकिन स्यानाचट्टी में हाईवे दूसरे दिन भी नहीं खुल सका। वहां पर लगातार बोल्डर गिरने के कारण मार्ग को खोलने में एनएच की मशीनरी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाडिया के समीप भी स्थिति काफी गंभीर है। वहां पर लगातार ऊपर से पत्थर गिर रहे हैं जिससे यात्रियों को जान जोखिम में डालकर सफर तय करना पड़ रहा है। मंगलवार को भी वहां से गुजरते वक्त यात्री बाल बाल बचे।