पुरोला। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को राबाइंका पुरोला में नाम शुद्धिकरण एवं मतदाता सूची की त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगे शिविर में दर्जनों मतदाताओं ने पहुंचकर अपने नाम, पता, आयु और अन्य प्रविष्टियों का सत्यापन कराया। आवश्यक दस्तावेजों के साथ संशोधन आवेदन जमा किए।
अधिकारियों ने मतदाताओं को सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज कराने के महत्व की जानकारी देते हुए समय सीमा के भीतर त्रुटियों का संशोधन कराने को कहा। निर्वाचन विभाग के अनुसार नाम, पता और अन्य प्रविष्टियों में त्रुटियों को लेकर अब तक लगभग चार हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश रमोला ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची में शामिल करना है। तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कमल सिंह राठौर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। संवाद