उत्तरकाशी। भटवाड़ी ब्लॉक के बग्यालगांव में आयोजित तीन दिवसीय पांडव नृत्य धार्मिक उल्लास और पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ संपन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में पांडव पश्वों का नृत्य आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। समापन अवसर पर ग्रामीणों ने आराध्य देव कंडार देवता और पांचों पांडव पश्वों से गांव एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
बग्यालगांव में आयोजित पांडव नृत्य के पहले दिन पांडव पश्वों ने विधि-विधान के साथ विशेष पूजा अर्चना कर अपने अस्त्र-शस्त्रों का पूजन किया। दूसरे दिन गांव के पंचायती चौक में पांडव नृत्य का आयोजन हुआ। इसके बाद पांडव पश्वा और ग्रामीणों ने आराध्य कंडार देवता की डोली के साथ लक्षेश्वर पहुंचकर मां गंगा में स्नान किया। साथ ही वहां विशेष पूजा अर्चना की।
वहीं, मंगलवार को अनुष्ठान के समापन पर पांडव पश्वों और कंडार देवता की डोली ने गांव के घर घर जाकर ग्रामीणों को आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों ने देव डोलियों के दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। ग्राम प्रधान पुष्पा भट्ट और कनिष्ठ प्रमुख योगेश डंगवाल ने बताया कि गांव की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना के साथ पांडव नृत्य का आयोजन किया गया था। इस मौके पर विनोद नगी, महावीर डंगवाल, हरीश डंगवाल, गणेश, राकेश डंगवाल आदि मौजूद रहे। संवाद