गंगोत्री धाम में देवस्थानम बोर्ड के विरोध में धरना प्रदर्शन करते तीर्थपुरोहित।
- फोटो : UTTER KASHI
देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड और कोरोना काल में चारधाम यात्रा शुरू करने के विरोध में गंगोत्री धाम के तीर्थपुरोहितों का धरना प्रदर्शन 49वें दिन भी जारी रहा। गंगोत्री धाम परिसर में सोमवार को किए गए प्रदर्शन के दौरान पुरोहितों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि सरकार द्वारा थोपे गए देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड से पुरोहितों के हक हकूक तथा धामों व अन्य मंदिरों की सदियों पुरानी परंपराएं खतरे में पड़ गई हैं। जिनको बचाने के लिए पुरोहित समाज लगातार संघर्ष कर रहा है, लेकिन तमाम विरोध के बावजूद प्रदेश सरकार अपने निजी हित साधने में लगी हुई है। वहीं कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पुरोहितों तथा स्थानीय ग्रामीणों द्वारा चार धाम यात्रा को भी हालात सामान्य होने तक बंद करने की मांग की जा रही है। इस संबंध में भी सरकार की तरफ से लगातार जनभावनाओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। ऐसे में पुरोहित समाज ने उक्त दोनों मांगों के पूरा होने तक अपना आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है। विरोध करने वालों में अरुण सेमवाल, राजेश सेमवाल, राकेश सेमवाल, गोवर्धन प्रसाद, कामेश्वर सेमवाल, नीरज सेमवाल, मुकेश सेमवाल आदि शामिल रहे।