बोले, लगातार मांग के बाद भी नहीं हो रही है समस्या हल
पुरोला। मोरी ब्लॉक में केंद्रीय विद्यालय खोलने की मुहिम नौ साल बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाई है जिससे लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में शासन की ओर से केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए प्रस्ताव मांगा गया था जिसके अनुरूप मोरी ब्लॉक में विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उसके बाद से लगातार सरकार से मांग जारी है लेकिन अभी तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
उत्तराखंड आंदोलनकारी के ब्लॉक अध्यक्ष विपिन चौहान ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने नानाई में भूमि चयन भी कर लिया था। इसके अतिरिक्त स्थानीय स्तर पर लगभग 15 लोगों ने शपथपत्र देकर अपने भवन विद्यालय संचालन के लिए निःशुल्क उपलब्ध कराने की पेशकश भी की थी।
इसके बावजूद विद्यालय स्थापना की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। कहा कि नौ साल से लंबित मांग के प्रति सरकार की उदासीनता चिंताजनक है। इस मुहिम को आगे बढ़ाने में उत्तराखंड आंदोलनकारी राजेंद्र सिंह रावत, प्रताप सिंह चौहान, विजयपाल सिंह रावत, अनिल कुमार सहित कई स्थानीय लोग लगातार प्रयासरत हैं।