आजाद मैदान में प्रथम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
उत्तरकाशी। शहर के आजाद मैदान में स्व. सौरभ भट्ट की पुण्य स्मृति में सौरभ फाउंडेशन की ओर से प्रथम मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान और पालिका सभासदों ने रिबन काटकर किया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में छात्रसंघ इलेवन ने पत्रकार इलेवन की टीम को 11 रन से हराकर जीत दर्ज की।
मंगलवार को आजाद मैदान में शुरू हुए क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में छात्रसंघ इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। निर्धारित 15 ओवरों में टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 201 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य चौहान ने शानदार 65 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में बलबीर परमार ने 3 विकेट और अजय ने 2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार इलेवन की टीम 6 विकेट खोकर 190 रन ही बना सकी। इस तरह टीम 11 रन से मैच हार गई। पत्रकार इलेवन टीम की ओर से बलबीर परमार ने 85 रनों की शानदार पारी खेली। मैच में मुख्य अंपायर अज्जू एवं मोहम्मद सलीम रहे। इससे पहले नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान ने टूर्नामेंट का शुभारंभ करते हुए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सभासद मनीष पंवार, आदित्य चौहान, महावीर चौहान, देवराज बिष्ट, सुषमा डंगवाल, मधु भट्ट, संतोषी राणा, पर सौरभ फाउंडेशन के संरक्षक सुरेश चंद्र भट्ट, महेश आदि मौजूद रहे।